
आकाशगंगा एन्क्लेव फेज-2 में भव्यता के साथ मनाया जा रहा गणपति उत्सव
धमतरी | आकाशगंगा एन्क्लेव फेज-2 में इस वर्ष गणपति उत्सव बड़ी धूमधाम और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। सभी सदस्यों की समुचित भागीदारी से कार्यक्रम काफ़ी सफल एवं आनंदमय वातावरण में संपन्न हो रहा है।
उत्सव की शुरुआत भव्य स्थापना समारोह से हुई, जिसमें विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक वर्ग के लोग उपस्थित थे। पूरे क्षेत्र में गणपति बप्पा की पूजा-आराधना के साथ-साथ सुबह और शाम विशेष आरती भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।


बुधवार को महाआरती और महाप्रसादी का भी आयोजन किया गया, जिसमें वॉर्ड के पार्षद कुळेश सोनि, आरोही बिल्डर्स के रविंदेर बिंद्रा, मनजोत सिंह बिंद्रा और यश आडेपवार उपस्थित थे। उन्होंने कॉलोनीवासियों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए भविष्य की शुभकामनाएं भी प्रेषित की।
आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव के विशेष आकर्षण हैं जिसमे रंगोली,कला एवं थाली सजावट प्रतियोगिता,नृत्य तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ शामिल हैं, जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साथ ही, अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उत्सव की गरिमा बढ़ाई है। आयोजकों का कहना है कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से सामाजिक एकता और सांस्कृतिक पहचान को प्रोत्साहन मिलता है।
गणेशोत्सव कार्यक्रम में सभी की सामूहिक भागीदारी रही।
