C.G.

संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान, सभी मंडलों में पहुंचेगा माटी युक्त पवित्र कलश … येत राम साहू

महासमुंद। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने बताया कि अभियान के तहत वाराणसी से लाए गए माटी युक्त पवित्र कलश का पूजन राजधानी रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर में संत-महात्माओं की उपस्थिति में किया जाएगा। इसके बाद 4 अगस्त को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, संत-महात्माओं तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में कलशों का वितरण किया जाएगा।उन्होंने बताया कि माटी युक्त पवित्र कलश प्रदेश के सभी 36 संगठन जिलों के जिलाध्यक्षों को सौंपे जाएंगे। इसके बाद प्रदेश के 479 मंडलों में कलश यात्रा एवं स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महासमुंद जिले के सभी मंडलों में भी कलश भ्रमण के माध्यम से संत रविदास के समरस समाज, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।येतराम साहू ने कहा कि संत रविदास का जीवन समान अवसर, मानव सेवा और सामाजिक एकता का प्रेरक संदेश देता है। यह अभियान जिले के प्रत्येक मंडल और ग्राम तक पहुंचकर समाज के सभी वर्गों के बीच संवाद स्थापित करेगा तथा एकता, संवेदनशीलता और समावेशिता की भावना को मजबूत करेगा।उन्होंने बताया कि समरसता संकल्प अभियान आगामी वर्ष की माघ पूर्णिमा तक निरंतर संचालित रहेगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता संत रविदास के जीवन-दर्शन, उनके विचारों और समरस समाज की अवधारणा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिले के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील करते हुए कहा कि संत रविदास के विचार आज भी सामाजिक समरसता, सद्भाव, समानता और राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।

YOUTUBE
Back to top button