
100 दिवसीय भाषा एवं गणितीय कौशल विकास अभियान के तहत कर्मठ एवं सक्रिय शिक्षकों का हुआ सम्मान
सरायपाली। 100 दिवसीय भाषा एवं गणितीय कौशल विकास अभियान के तहत विकासखंड में सक्रिय कार्य करने वाले कर्मठ शिक्षकों के सम्मान समारोह का आयोजन गत दिवस किया गया। सर्वप्रथम कार्यक्रम अतिथि डीएमसी महासमुन्द अशोक शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में बीईओ प्रकाश चंद्र मांझी, एबीईओ डीएन दीवान द्वारा मां सरस्वती के छाया चित्र की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम अतिथियों द्वारा विकासखंड स्तरीय पुस्तक का विमोचन किया गया। नोडल अधिकारी द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। डीएमसी महासमुन्द अशोक शर्मा ने उद्बोधन में अपने अध्ययन के दिनों को याद करते हुए बच्चों को प्रोत्साहित किया। उन्होनें शासन द्वारा चलाए जा रहे सभी निर्देशों का पालन करते हुए कार्य करने के लिए शिक्षको को प्रेरित किया। बीईओ प्रकाश चन्द्र मांझी ने उद्बोधन में शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धि पर विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विकासखंड के 68 शिक्षकों एवं 4 संकुल समन्वयकों को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। शिक्षकों द्वारा कबाड़ से जुगाड़ गुलदस्ते की सराहना की गई। साथ ही छत्तीसगढ़ संस्कृति की पकवान अरसा का भी अतिथियों ने आनंद लिया। कार्यक्रम का संचालन नोडल अधिकारी सतीश स्वरूप पटेल किया। उक्त जानकारी शिक्षक दुर्वादल दीप ने दी।