
महापौर की कथनी और करनी का कब होगा मूल्यांकन ? घोषणाओं से आगे कब बढ़ेगा धमतरी का विकास?
धमतरी। शहर के विकास को लेकर धमतरी में इन दिनों एक सवाल लगातार उठ रहा है कि महापौर रामू रोहरा द्वारा की गई बड़ी-बड़ी घोषणाओं का वास्तविक मूल्यांकन आखिर कब होगा। छोटे कार्यों से लेकर करोड़ों के बड़े विकास कार्यों तक कई योजनाओं की स्वीकृति और घोषणा तो हो चुकी है, लेकिन इन योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन कब शुरू होगा, इसे लेकर शहर की जनता के बीच चर्चा और इंतजार दोनों बढ़ते जा रहे हैं।

करोड़ों की सौगात का इंतजार, निर्माण कार्य कब होगा शुरू ?
धमतरी शहर की जनता को करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की सौगात दिलाने की बात कही गई है। महापौर रामू रोहरा द्वारा कई योजनाओं के लिए राशि स्वीकृत कराने की जानकारी भी सार्वजनिक मंचों से दी जा चुकी है। इसके बावजूद लोगों के बीच यह सवाल लगातार उठ रहा है कि इन परियोजनाओं का निर्माण कार्य आखिर कब शुरू होगा और शहर को इन घोषणाओं का वास्तविक लाभ कब मिलेगा।
जो वादा किया है वो निभाना पड़ेगा – जनता
शहर के लोगों का साफ कहना है कि जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता से किए गए वादे केवल भाषणों और घोषणाओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए। आमजन का मानना है कि जो वादा किया गया है उसे समय पर पूरा भी किया जाना चाहिए, तभी जनता का विश्वास कायम रह सकता है।

कागजों में विकास या जमीन पर काम ? यही सबसे बड़ा सवाल
महापौर रामू रोहरा द्वारा कराए गए विभिन्न विकास कार्यों की स्वीकृति को लेकर शहर में लगातार चर्चा होती रहती है। लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि क्या इन योजनाओं से वास्तव में विकास को गति मिलेगी या फिर ये परियोजनाएं केवल फाइलों और कागजों में ही दबकर रह जाएंगी।
रत्नाबांधा से मुजगहन बायपास और सिहावा चौक से नहर नाका तक चौड़ीकरण
शहर में जिन प्रमुख परियोजनाओं की सबसे अधिक चर्चा हो रही है, उनमें रत्नाबांधा से मुजगहन बायपास तक सड़क निर्माण और सिहावा चौक से नहर नाका तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य शामिल है। इन मार्गों का चौड़ीकरण लंबे समय से शहर की जरूरत माना जा रहा है और लोगों को उम्मीद है कि इससे यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा।

करोड़ों की स्वीकृति, लेकिन काम की रफ्तार पर सवाल
इन सड़कों के चौड़ीकरण के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत कराने की घोषणा धमतरी के प्रथम नागरिक महापौर रामू रोहरा कई सार्वजनिक मंचों से कर चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि जल्द ही इन कार्यों को अमलीजामा पहनाया जाएगा। ऐसे में अब जनता की नजर इन घोषणाओं की वास्तविक प्रगति पर टिकी हुई है और लोग यह देखना चाहते हैं कि इन बड़े विकास कार्यों को अपनी आंखों से कब होते देख पाएंगे।
बस स्टैंड और नालंदा ऑडिटोरियम जैसे बड़े प्रोजेक्ट
शहर के विकास में बस स्टैंड और नालंदा ऑडिटोरियम जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। इन परियोजनाओं को लेकर भी महापौर रामू रोहरा की गंभीरता की बात कही जाती है। नालंदा भवन की स्वीकृति मिल चुकी है और कम बजट के कारण रुके हुए ऑडिटोरियम के विकास कार्य के लिए भी अतिरिक्त राशि स्वीकृत हो चुकी है।
बस स्टैंड के टेंडर को हरी झंडी, अब काम शुरू होने की उम्मीद
बस स्टैंड निर्माण को लेकर भी टेंडर प्रक्रिया को हरी झंडी मिल चुकी है। ऐसे में शहर के लोगों को अब यही इंतजार है कि इन परियोजनाओं का कार्य जल्द शुरू हो और धमतरी शहर भी विकास की दौड़ में आगे बढ़े।
धमतरी को महानगर जैसा विकसित देखने की उम्मीद
शहरवासियों का मानना है कि यदि घोषित विकास कार्य समय पर और सही तरीके से पूरे हो जाते हैं तो धमतरी की तस्वीर बदल सकती है। लोगों को उम्मीद है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद शहर में बेहतर सुविधाएं विकसित होंगी और धमतरी भी महानगरों की तरह विकसित होने की दिशा में आगे बढ़ सकेगा।





Touch Me