cgnews

महासमुन्द पुलिस ने सुलझाई बेमचा हत्याकांड की गुत्थी

प्रेमिका और उसके बेटे ने की पिलेश्वर साहू की निर्मम हत्या

पहले भी पति की हत्या में जेल जा चुकी है महिला

महासमुन्द।
ग्राम बेमचा की बड़ी नहर में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को महासमुन्द पुलिस ने सुलझा लिया है। मृतक की पहचान पचेडा (खल्लारी) निवासी पिलेश्वर साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या के इस जघन्य अपराध का पर्दाफाश करते हुए मृतक की प्रेमिका देवकी बघेल और उसके बेटे सुरेश बघेल को गिरफ्तार किया है।

3 विशेष टीमों का गठन

शव की पहचान और आरोपी की पतासाजी हेतु पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 3 विशेष टीमों का गठन किया गया था। सायबर सेल और थाना महासमुन्द पुलिस की संयुक्त कार्यवाही से मामले में सफलता मिली।

घटना का खुलासा

9 सितम्बर को ग्राम बेमचा की बड़ी नहर में एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। शव के मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था तथा चेहरे, गले और गुप्तांग पर गंभीर चोटें थीं। डॉक्टर की शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई। इसके आधार पर थाना सिटी कोतवाली महासमुन्द में अपराध धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पहचान और जांच

जांच के दौरान पता चला कि शव पिलेश्वर साहू का है, जो रायपुर में प्राइवेट सुरक्षा गार्ड का काम करता था और 8 सितम्बर से ड्यूटी पर नहीं गया था। मृतक के परिजनों ने शव की पहचान की और बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से बेमचा निवासी देवकी बघेल के साथ रह रहा था और अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़ चुका था।

हत्या की वारदात

पुलिस पूछताछ में देवकी बघेल ने अपने बेटे सुरेश के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि पिलेश्वर रोज उसके घर आकर शराब पीकर विवाद करता था और पारिवारिक मामलों में हस्तक्षेप करने लगा था। इससे तंग आकर 9 सितम्बर की रात दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।

  • मृतक को रस्सी से खाट पर बांधा गया।
  • चाकू से गला रेतकर उसकी हत्या की गई।
  • आवाज न हो इसलिए मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया।
  • देवकी ने पेचकस से आंख पर वार किया।
  • सुरेश ने मृतक के गुप्तांग काट डाले।
  • पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर मुरूम का ढेला पटककर विकृत कर दिया गया।
    इसके बाद शव को घसीटकर नहर में फेंक दिया गया और कपड़े व मोबाइल भी नहर में डाल दिए गए।

बरामद सामग्री

पुलिस ने आरोपियों से हत्या में प्रयुक्त चाकू, रस्सी, पेचकस तथा घटना के दौरान पहने गए खून लगे कपड़े बरामद किए हैं।

गिरफ्तार आरोपी

  1. देवकी बघेल, पति स्व. धनीराम बघेल, उम्र 45 वर्ष, निवासी बेमचा, थाना महासमुन्द।
  2. सुरेश बघेल, पिता स्व. धनीराम बघेल, उम्र 21 वर्ष, निवासी बेमचा, थाना महासमुन्द।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। विशेष उल्लेखनीय है कि आरोपी महिला देवकी बघेल के विरुद्ध पूर्व में भी अपने पति की हत्या का प्रकरण दर्ज है और वह इस मामले में जेल जा चुकी है।

डॉ.भास्कर राव पांढरे

डॉ.भास्कर राव पांढरे वर्ष 2010 से पत्रकारिता जगत से जुड़े हुए हैं । इन्होंने विभिन्न समाचार पत्रों में सह संपादक के पद पर अपने दायित्वों का व निर्वहन किया है ।2023 की विधानसभा चुनाव के दौरान छत्तीसगढ़ के विभिन्न विधानसभाओं में जनता का अभिमत जानने के लिएजननायक कार्यक्रम लेकरपहुंचे थे , जो विधानसभा चुनाव के दौरान बहुत लोकप्रिय हुआ था । वर्तमान में यह The Howker News के प्रधान संपादक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
YOUTUBE
Back to top button