
महासमुंद जिले के नानकपाली गांव में दबंगों का तांडव, घर में घुसकर पूरे परिवार से मारपीट, 9 पर FIR 📰
महासमुंद (सरायपाली)। छत्तीसगढ़ के महासमुंद ज़िले के सरायपाली थाना क्षेत्र के नानकपाली गांव में दबंगों ने घर में घुसकर एक ही परिवार पर बर्बर हमला कर दिया। घटना में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों तक को नहीं बख्शा गया। गंभीर रूप से घायल परिजनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटना के बाद नौ आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
पूरा परिवार बना दबंगई का शिकार
घटना गांव के निवासी लिंगराज भोई के घर पर हुई। पीड़ित परिवार के अनुसार, कुछ स्थानीय दबंग पहले घर के बाहर लाठी-डंडों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। जब लिंगराज भोई घर से बाहर निकले तो हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने घर का दरवाज़ा तोड़ते हुए अंदर घुसकर परिवार के सभी सदस्यों की बेरहमी से पिटाई की।
महिलाओं और बच्चों पर भी नहीं हुई रहम
हमले के दौरान महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को भी नहीं छोड़ा गया। आरोपियों ने न केवल परिजनों की पिटाई की, बल्कि घर का सामान—पलंग, टीवी, कूलर, रसोई घर और यहां तक कि छत तक को भी तोड़ डाला।
घायल परिजन अस्पताल में भर्ती
घटना में आयुष्मान भोई, लिंगराज भोई, भोजराज भोई, गौरी भोई, ममता भोई, स्नेहा भोई और शंकरषण भोई गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस की मदद से उन्हें सरायपाली के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से कुछ की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें महासमुंद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया।
पुलिस ने दर्ज की FIR, जांच जारी
इस हमले के बाद पीड़ित परिवार ने तत्काल सरायपाली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडे ने कहा,
“इस परिवार और आरोपियों के बीच पहले से विवाद की बातें सामने आई हैं। ताजा घटना के पीछे की वजह की जांच की जा रही है। मामले में 9 आरोपियों के विरुद्ध मारपीट, लूटपाट, गाली-गलौज जैसी धाराओं में FIR दर्ज की गई है।”
इन 9 आरोपियों के खिलाफ हुई FIR
- प्रशांत भोई पिता कैलाश भोई
- राकेश साहू पिता नीलमणी साहू
- विद्याचरण भोई पिता सफेद भोई
- साहिल भोई पिता महेन्द्र भोई
- निरंजन साहू पिता जीवर्धन साहू
- पिंटू भोई पिता लिंगराज भोई
- गोविंद साहू पिता उदय साहू
- अधिकारी साहू पिता विजय साहू
- वेदाप्रकाश साहू पिता रमेश साहू
पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार
घटना से डरे-सहमे परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की अपील की है। ग्रामीणों में इस वारदात को लेकर आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है और आरोपियों की धरपकड़ की प्रक्रिया भी चल रही है।
