
महासमुंद ने टीबी उन्मूलन में रचा कीर्तिमान, राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त
छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले ने टीबी के खिलाफ चल रही जंग में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जिले को वर्ष 2024-25 के लिए राज्य में पहला स्थान मिला है। रायपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जिले को इस उपलब्धि के लिए सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया और निदेशक डॉ. प्रियंका शुक्ला की मौजूदगी में महासमुंद के स्वास्थ्य अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र भेंट किया गया। मंत्री जायसवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ पूरे देश में टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के अभियान में अग्रणी बनकर उभरा है। अभी तक राज्य की 4100 से अधिक पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी हैं।
महासमुंद जिले में “निक्षय निरामय” अभियान के तहत व्यापक स्तर पर स्वास्थ्य जांच की गई। जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय लोगों की मदद से 12 लाख से ज्यादा नागरिकों की जांच की गई, जिसमें एक्स-रे और आधुनिक तकनीकों का भी उपयोग हुआ। वर्ष 2023 में जिले की 292 पंचायतें और 2024 में 278 पंचायतें टीबी से मुक्त घोषित की गईं।
इस कामयाबी के पीछे कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. कुदेशिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीलू धृतलहरे और क्षय उन्मूलन अधिकारी डॉ. विकास चंद्राकर की अगुवाई में पूरी स्वास्थ्य टीम की मेहनत है। कार्यक्रम में जिले के स्वास्थ्य विभाग के तमाम कर्मचारी भी उपस्थित रहे।