Kawardha

घर पर किलकारी सुरक्षित करने के लिए अवश्य पिलाएं पोलियो की खुराक:-कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा

पल्स पोलियो अभियान 27 से

कवर्धा। राज्य भर में आगामी 27 फरवरी से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण आरम्भ होने वाला है। अभियान के प्रथम दिन बूथ स्तर पर 0 से 5 वर्ष के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। द्वितीय और तृतीय दिवस कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के पदेन अध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा द्वारा गत दिनों जिला टास्क फोर्स की बैठक लेकर सभी आवश्यक निर्देश सम्बन्धित विभागों को दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ शैलेन्द्र कुमार मंडल ने बताया कि जिले के बोड़ला विकासखण्ड में 23412, कवर्धा में 27380, पंडरिया में 40519 और लोहारा में 19526 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभियान हेतु कवर्धा में 292, बोड़ला में 220, लोहारा में 155 और पंडरिया में 293 पोलियो बूथ बनाये गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए महिला एवं बाल विकास अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखकर यथा आवश्यक सहयोग के लिए कहा गया है। कलेक्टर श्री शर्मा एवं सीएमएचओ डॉ मंडल ने लोगों से सभी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक आवश्यक रूप से पिलाने की अपील की है। उन्होंने मीडिया, समाज के प्रबुद्ध जनों और समाज सेवियों से भी इस हेतु लोगों को प्रेरित और जागरुक करने की अपील की है।

टास्क फोर्स की बैठक में दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश

में पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए जिला कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने बूथ पर ही अधिक से अधिक बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाने की अपील की है। उन्होंने हाई रिस्क एरिया में विशेष जनसम्पर्क अभियान चलाकर परिजनों जागरूक करके बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया। अभियान की सफलता के लिए जिला टास्क फोर्स की बैठक में डब्लूएचओ के प्रतिनिधि द्वारा पिछले सत्र के पल्स पोलियो अभियान का सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत किया गया। इस वर्ष अभियान के दूसरे दिन 15 साल तक बच्चों को लकवा की जानकारी लेने व घर में पूर्व में किसी करीबी परिजन को लकवा होने सम्बन्धी जानकारी अवश्य लेने के लिए शासन द्वारा दिये गए निर्देश को अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। पल्स पोलियो अभियान की सभी टीम को कोविड प्रोटोकॉल का अनिवार्य पालन करने के लिए कहा गया है।

YOUTUBE
Back to top button