C.G.

संत गुरु रविदास जयंती वर्ष पर भाजपा का समरसता संकल्प अभियान महासमुंद में दी जानकारी

महासमुंद। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। इस संबंध में महासमुंद में आयोजित पत्रकार वार्ता में पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से प्रारंभ होकर 20 फरवरी 2027 तक देशभर में राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और सामाजिक समरसता के संदेश को जन जन तक पहुंचाना तथा विकसित भारत के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई को समरसता दीप महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा कलश वंदन अभियान, संत संपर्क अभियान, समरसता यात्रा तथा छात्रावास संपर्क अभियान सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन आयोजनों के माध्यम से संत गुरु रविदास महाराज के जीवन दर्शन और सामाजिक समरसता के संदेश का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाएगा।

चुन्नीलाल साहू ने समाज के सभी वर्गों, संत महात्माओं, सामाजिक संगठनों, युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं बल्कि सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने का व्यापक जन आंदोलन है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष येतराम साहू, बीज विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, कार्यक्रम के प्रदेश सहसंयोजक शंकर अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर, जिला महामंत्री थान सिंह दीवान सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

YOUTUBE
Back to top button