C.G.

“शराब को विकास का आधार मान रही भाजपा सरकार, मंत्री लखनलाल देवांगन का बयान प्रदेश के लिए शर्मनाक”… अमरजीत चांवला

शराब को विकास का आधार मान रही भाजपा सरकार, मंत्री लखनलाल देवांगन का बयान प्रदेश के लिए शर्मनाक”– अमरजीत चावला

महासमुंद, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रभारी महामंत्री (संगठन) एवं जिला कांग्रेस कमेटी महासमुंद के पूर्व जिला अध्यक्ष अमरजीत चावला ने प्रदेश के मंत्री लखनलाल देवांगन के उस बयान की कड़ी निंदा की है, जिसमें उन्होंने कहा है कि शराब से प्राप्त राजस्व के माध्यम से प्रदेश का विकास हो रहा है तथा महतारी वंदन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

चावला ने कहा कि मंत्री का यह बयान केवल एक राजनीतिक टिप्पणी नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की आर्थिक सोच, विकास मॉडल और जनकल्याण के प्रति उसकी वास्तविक मानसिकता का सार्वजनिक स्वीकारोक्ति है। किसी भी संवेदनशील और दूरदर्शी सरकार का विकास मॉडल उद्योग, कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और निवेश पर आधारित होता है, लेकिन छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के मंत्री स्वयं यह बता रहे हैं कि उनकी योजनाओं और विकास का आधार शराब से होने वाली कमाई है।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव के समय प्रदेश में सुशासन, रोजगार, आर्थिक समृद्धि और विकास के बड़े-बड़े वादे किए थे। लेकिन सत्ता में आने के बाद अब उसके मंत्री यह स्वीकार कर रहे हैं कि सरकार की योजनाएं शराब बिक्री से प्राप्त राजस्व पर निर्भर हैं। इससे स्पष्ट है कि भाजपा सरकार के पास प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का कोई ठोस रोडमैप नहीं है।

अमरजीत चावला ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा सरकार यह मानती है कि जितनी अधिक शराब बिकेगी, प्रदेश उतना अधिक विकसित होगा? क्या महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के नाम पर संचालित महतारी वंदन योजना का आर्थिक आधार शराब की कमाई होना चाहिए? यदि सरकार की सोच यही है तो यह महिलाओं, युवाओं और परिवार व्यवस्था के प्रति उसकी असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार नशामुक्त समाज की बातें करती है, वहीं दूसरी ओर उसके मंत्री शराब बिक्री को विकास का माध्यम बताकर उसका महिमामंडन कर रहे हैं। यह भाजपा का दोहरा चरित्र है, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति समझ चुकी है।

चावला ने कहा कि आज प्रदेश के अनेक परिवार शराब और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण आर्थिक, सामाजिक और मानसिक संकट से जूझ रहे हैं। घरेलू हिंसा, सड़क दुर्घटनाएं और सामाजिक विघटन जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार इन गंभीर मुद्दों की चिंता करने के बजाय शराब से मिलने वाले राजस्व को अपनी उपलब्धि बताने में लगी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में शराब और सूखे नशे के कारोबार को अप्रत्यक्ष संरक्षण मिला है। गांव-गांव और गली-गली में नशे का जाल फैलता जा रहा है। भाजपा नेता शराब दुकानों का फीता काटकर उद्घाटन कर रहे हैं, शराब की ओवररेट बिक्री की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं और सरकार राजस्व बढ़ाने के नाम पर नैतिक जिम्मेदारियों से मुंह मोड़ रही है।

अमरजीत चावला ने कहा कि भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता को यह बताना चाहिए कि उसने रोजगार सृजन, औद्योगिक निवेश, किसानों की आय बढ़ाने, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कौन-सी ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। यदि सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि शराब बिक्री से प्राप्त आय है, तो यह प्रदेश के भविष्य के लिए अत्यंत चिंताजनक संकेत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी समाज के कमजोर वर्गों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और आम जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, नशे को बढ़ावा देने वाली सोच तथा विकास के नाम पर किए जा रहे भ्रामक प्रचार का कांग्रेस हर स्तर पर लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करेगी।

YOUTUBE
Back to top button