36गड़

पूर्व धमतरी विधायक रंजना साहू को मिला ‘सदस्यता श्री’ सम्मान। भाजपा कार्यकर्ताओं को समर्पित किया सम्मान……

विक्रांत शर्मा, पत्रकार
जिला भाजपा कार्यालय धमतरी में हुआ सम्मान समारोह

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत सदस्यता अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की कड़ी में धमतरी की पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू को ‘सदस्यता श्री सम्मान’ से अलंकृत किया गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा नवा रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया जाना था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से वहां उपस्थित न हो पाने के चलते रंजना साहू का सम्मान सोमवार को जिला भाजपा कार्यालय धमतरी में आयोजित समारोह में किया गया।

धमतरी विधानसभा के विकास एवं संगठन को सशक्त बनाने में रंजना साहू की महत्वपूर्ण भूमिका

पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू का धमतरी विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और संगठन को मजबूत रखने में अत्यंत सराहनीय योगदान रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान न केवल भाजपा की विचारधारा को आम जनता तक पहुँचाया, बल्कि पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं को एक सूत्र में बाँधने का कार्य भी लगातार किया। उनके नेतृत्व में संगठनात्मक गतिविधियाँ सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती रहीं, जिससे कार्यकर्ताओं में ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ।

चुनावी क्षेत्रों में पार्टी की नींव को मजबूत करने के लिए रंजना साहू ने हजारों नागरिकों को भाजपा की सदस्यता दिलवाई और उन्हें प्रशिक्षित कर सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में तैयार किया। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय रखने की रणनीति अपनाई, जिससे भाजपा को स्थानीय स्तर पर एक मज़बूत और भरोसेमंद आधार प्राप्त हुआ।

विकास कार्यों की बात करें तो रंजना साहू के कार्यकाल में धमतरी विधानसभा में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं स्वास्थ्य जैसे अनेक महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली। ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता देना, महिला मोर्चा को सक्रिय करना, तथा युवाओं को संगठन से जोड़ना उनके कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियाँ रहीं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रकाश बैस, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर श्रीमती साहू को प्रतीक चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मान प्राप्त करने के बाद पूर्व विधायक रंजना साहू ने अपने संबोधन में कहा,

“यह सम्मान मेरा नहीं, धमतरी विधानसभा के उन समर्पित कार्यकर्ताओं का है जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर भाजपा की सदस्यता अभियान को सफल बनाया। हम सभी कार्यकर्ता भाजपा को परिवार की तरह मानते हैं और पार्टी की नीति, विचारधारा को आत्मसात करते हुए समाज व राष्ट्र सेवा में जुटे हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि

“सदस्यता अभियान के लक्ष्य को हासिल करने के बाद भी कार्यकर्ताओं ने अपने कदम नहीं रोके। आज भी वे घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचा रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं और पार्टी ने हमेशा उन्हें उचित सम्मान दिया है।”

कार्यक्रम में कई वरिष्ठ भाजपा नेता, जनप्रतिनिधि और महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी उपस्थित रहीं। समारोह के अंत में सभी ने रंजना साहू को बधाई दी और उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती देने का संकल्प लिया।

YOUTUBE
Back to top button