
स्वर्णकार समाज के भवन पर अवैध कब्जे का आरोप, एफआईआर व सीमांकन की मांग तेज — आंदोलन की चेतावनी
बिलासपुर (छत्तीसगढ़) । सकरी स्थित प्रगतिशील युवा स्वर्णकार समाज के सामुदायिक भवन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर समाज में तीव्र आक्रोश व्याप्त है।

इस मुद्दे पर समाज की अतिआवश्यक बैठक उपाध्यक्ष नरेंद्र सोनी के निवास पर आयोजित की गई, जिसमें सभी कार्यकारिणी सदस्य व संरक्षकगण उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।



समाज के पदाधिकारियों के अनुसार सकरी स्थित सामुदायिक भवन पर नर्मदा नगर निवासी अभिषेक कुमार (पिता बी.पी.) द्वारा कब्जा किया गया है। आरोप है कि संबंधित व्यक्ति ने अपने प्रभाव का उपयोग करते हुए प्रशासनिक कार्रवाई को अब तक रोक रखा है और मौके पर निर्माण कार्य जारी है। समाज ने इस संबंध में कलेक्टर, तहसीलदार एवं सकरी थाने में लगभग एक माह पूर्व ज्ञापन सौंपा था, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
बताया गया कि उक्त भूमि स्वर्गीय रमाकांत सोनी द्वारा समाज को दान में दी गई थी। भवन निर्माण के लिए तत्कालीन विधायक राजू क्षत्री द्वारा 5 लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई थी तथा निर्माण कार्य जनपद पंचायत सकरी के माध्यम से कराया गया था। समाज का कहना है कि यह सामुदायिक भवन समाज की सामूहिक आस्था, परिश्रम और योगदान का परिणाम है।
बैठक में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ पदाधिकारियों को बुलाकर समझौते का प्रयास किया गया और बदले में सरकारी खाली जमीन देने की पेशकश की गई, जिसे समाज ने सिरे से अस्वीकार कर दिया। समाज का स्पष्ट मत है कि मूल भूमि और भवन ही उन्हें वापस चाहिए। उनका कहना है कि मौके पर शासकीय खाली भूमि पर भी कब्जा कर भव्य वैवाहिक भवन का निर्माण किया जा रहा है।बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सकरी स्थित सामुदायिक भवन का शासन द्वारा पुनः सीमांकन कराया जाए तथा भूमि और भवन को कब्जा मुक्त कर समाज को विधिवत सौंपा जाए। इसके लिए आवश्यक सभी वैधानिक और कानूनी प्रक्रियाएं अपनाई जाएंगी। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि शासन-प्रशासन ने समाज की मांगों को अनसुना किया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी समस्त जवाबदेही शासन की होगी।
बैठक में अध्यक्ष नंदू सोनी, नरेंद्र सोनी, वेद सोनी, अनुप सोनी, अमरनाथ सोनी, सीएल सोनी, पूर्व अध्यक्ष कामता सोनी, राकेश सोनी, हेमंत सोनी, हरि पोतदार, पवन सोनी, अनिल सोनी, दीपक सोनी, रामेश्वर सोनी, पुरुषोत्तम सोनी, अजय सोनी, राजेंद्र सोनी, रुद्रनारायण सोनी, शैलेंद्र सोनी, संतोष सोनी, आर.के. सोनी, विनोद सोनी, सूरज सोनी सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने एकमत से प्रस्ताव का समर्थन किया।
समाज ने शासन से मांग की है कि अभिषेक कुमार के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच की जाए तथा सामुदायिक भवन को कब्जा मुक्त कर समाज को सौंपा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





Touch Me