cgnews

50 लाख रुपए का धान घोटाला: किसानों का गुस्सा फूटा, NH-53 पर 6 अक्टूबर को चक्का जाम की चेतावनी

महासमुंद।जिले की सागुनढाप सहकारी समिति के धान खरीदी केंद्र में वर्ष 2024-25 की खरीदी में करीब 50 लाख रुपए का बड़ा घोटाला सामने आया है। आरोप है कि खरीदी प्रभारी मथामणि बढ़ाई और हरिलाल साव ने 1514.40 क्विंटल धान का गबन किया और राशि को समिति के अधिकृत खाते में जमा न कर िजी खातों में ट्रांसफर कर दिया।

समिति बैठक में हुआ सनसनीखेज खुलासा

20 सितंबर को समिति की बैठक में सभी कर्मचारियों से पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि किसानों की मेहनत की कमाई सीधे निजी खातों में पहुंचाई गई, जबकि इसे अधिकृत खाते में जमा किया जाना था। इस खुलासे ने समिति के सदस्यों और ग्रामीणों में भारी नाराज़गी पैदा कर दी।

शिकायत और तत्काल कार्यवाही की माँग

समिति सदस्यों और किसानों ने उपपंजीयक महासमुंद और कलेक्टर महासमुंद को लिखित शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि दोषियों पर तुरंत और सख्त कार्यवाही हो। यदि प्रशासन ने कार्यवाही नहीं की तो किसानों ने चेतावनी दी है कि वे आगामी धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे।

किसानों का गुस्सा और चेतावनी

धान खरीदी में हुए इस घोटाले ने किसानों में जबरदस्त आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों ने साफ-साफ कहा है कि यदि दोषियों पर जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो 6 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजमार्ग NH-53 पर चक्का जाम किया जाएगा। उनका कहना है कि यह केवल पैसे का सवाल नहीं, बल्कि मेहनतकश किसानों के विश्वास और अधिकारों के साथ धोखाधड़ी है।

अब होगा आर-पार का संघर्ष

किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। उनका कहना है कि सरकार और प्रशासन अगर तत्काल कदम नहीं उठाते हैं, तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा। यह मामला अब केवल आर्थिक घोटाले का नहीं रहा, बल्कि किसानों के आत्मसम्मान और अधिकारों के लिए लड़ाई का प्रतीक बन गया है।

YOUTUBE
Back to top button