cgnews

रुद्री महानदी घाट में 690 मृत आत्माओं का स्वर्गधाम सेवा समिति ने किया सामूहिक पिंडदान और तर्पण

धमतरी। पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर रविवार को स्वर्गधाम सेवा समिति द्वारा रुद्री स्थित महानदी घाट में 690 मृत आत्माओं का विधिविधान से पिंडदान एवं तर्पण कराया गया। इस अवसर पर शांति भोज का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

धर्मशास्त्र का महत्व

धर्म सेवक और सर्जन डॉ. रोशन उपाध्याय ने इस अवसर पर स्वर्गधाम सेवा समिति के पुण्य कार्य की सराहना करते हुए कहा कि समिति के सदस्यों ने वास्तव में महान कार्य किया है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि ऐसे लोगों को और शक्ति एवं संबल मिले ताकि वे भविष्य में भी समाजहित के ऐसे कार्य करते रहें।
डॉ. उपाध्याय ने पितृपक्ष की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शास्त्रों के अनुसार पितर हर वर्ष पंद्रह दिनों के लिए मृत्यु लोक पर आते हैं। यह यमलोक का एक घंटे का समय होता है, जिसका पृथ्वी पर प्रतिदिन चार मिनट का समय माना गया है। इस दौरान वे अपने वंशजों के घर पहुंचते हैं, आशीर्वाद देते हैं और फिर अपने लोक में लौट जाते हैं। पितरों को जल, अन्न और भोजन अर्पित करना चाहिए। भोजन निकालने के बाद पंचाग्रास को गौ माता, कौवा, कुत्ता, चींटी, चिड़िया और देवताओं को अर्पित करने की परंपरा है।

विधिविधान से पिंडदान

सामूहिक पिंडदान का कार्यक्रम पंडित रामावतार तिवारी द्वारा पूरे विधिविधान से संपन्न कराया गया। उन्होंने भी इस अवसर पर स्वर्गधाम सेवा समिति के अध्यक्ष एवंत गोलछा और महासचिव अशोक पवार के पुण्य कार्य की प्रशंसा की और आशीर्वाद प्रदान किया।

दूसरों के लिए जीने का नाम – अशोक पवार

स्वर्गधाम सेवा समिति के महासचिव अशोक पवार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2004 से इस पुण्य कार्य का बीड़ा उठाया था। कठिनाइयों और चुनौतियों का सामना करने के बावजूद उन्होंने और समिति के अध्यक्ष एवंत गोलछा ने इसे निरंतर आगे बढ़ाया।
आज, 2025 तक पहुंचते-पहुंचते समिति ने कुल 690 अज्ञात एवं बेसहारा मृतकों का परिवार बनकर उनका पिंडदान और तर्पण कराया है। अशोक पवार ने कहा कि ऐसे कार्य में ईश्वर स्वयं शक्ति प्रदान करते हैं और आज यह कार्य एक आंदोलन के रूप में विकसित हो चुका है। अब बड़ी संख्या में लोग समिति से जुड़ना चाहते हैं और इस पुण्य कार्य को आगे बढ़ाना चाहते हैं।

विशिष्टजन रहे उपस्थित

इस अवसर पर विधायक ओंकार साहू, महापौर रामू रोहरा, पूर्व विधायक रंजना साहू, डॉ. रोशन उपाध्याय, डॉ. चंद्रशेखर चौबे, अर्जुन पूरी गोस्वामी, अमन गोस्वामी, विनीता पवार, डॉ. जे.एल. देवांगन, वंदना पवार, तीरथ राज फूटान, विशाल गौरी, डॉ. रविकिशन सिंधे, डॉ. राकेश सोनी, डोमार सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

YOUTUBE
Back to top button