C.G.

महासमुंद में विश्व योग दिवस पर लोगों ने किया सामूहिक योग, नशामुक्ति का लिया संकल्प

महासमुंद, 21 जून। 12वें विश्व योग दिवस के अवसर पर महासमुंद के इनडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम का आयोजन उत्साह और जनभागीदारी के साथ किया गया। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम विलोम, कपालभाति सहित विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए। हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि नियमित योग शरीर को स्वस्थ, मन को शांत और जीवन को सकारात्मक बनाता है। योगाभ्यास के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति का संकल्प दिलाते हुए समाज को नशे से मुक्त बनाने का आह्वान किया।

विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा ने योग को स्वस्थ जीवन की संपूर्ण पद्धति बताते हुए प्रतिदिन कम से कम 20 मिनट योग करने की अपील की। छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर ने योग को सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया, जबकि पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि योग को जीवन का नियमित हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम में स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष येतराम साहू, राज्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा, राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष संदीप दीवान, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी तथा जनपद पंचायत उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर विनय लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत नंदनवार सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से योग को जनआंदोलन बनाने तथा स्वस्थ, निरोगी और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

YOUTUBE
Back to top button